शनिवार, नवंबर 14, 2026

यूपी के चुनाव में मतपिपासुओं की नई जमात— 'बी-टीम' के रूप में काम करने का मसौदा तैयार

यूपी के चुनाव में मतपिपासुओं की नई जमात— 'बी-टीम' के रूप में काम करने का मसौदा तैयार अतुल कुमार श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही प्रदेश की 403 सीटों पर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। लोकतंत्र के इस महासंग्राम में एक तरफ सत्ताधारी गठबंधन (भाजपा और सहयोगी दल) अपनी नीतियों के दम पर वापसी की कोशिश में है, तो दूसरी तरफ़ मुख्य विपक्षी खेमा (सपा-कांग्रेस) महंगाई, बेरोज़गारी और संविधान व लोकतंत्र की रक्षा जैसे मुद्दों के सहारे बदलाव की बात कर रहा है। इस राजनीतिक रस्साकशी के बीच छोटे दलों और नए राजनीतिक मोर्चों—जैसे एआईएमआईएम और आज़ाद समाज पार्टी के 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा'—की सक्रियता ने एक बार फिर 'वोटों के ध्रुवीकरण और बिखराव' पर तीखी बहस छेड़ दी है। राजनीतिक विश्लेषकों और मुख्य विपक्षी दलों के एक बड़े वर्ग का मानना है कि बहुकोणीय मुकाबले अक्सर सत्ता विरोधी मतों को विभाजित कर देते हैं। इस चुनावी गणित को एक सामान्य उदाहरण से समझा जा सकता है: मान लीजिए किसी विधानसभा क्षेत्र में कुल 100 मतदाता हैं। यदि इनमें से 40 मतदाता सत्ताधारी दल के प्रति प्रतिबद्ध हैं—चाहे देश और जनता के हाथ में कटोरा ही क्यों न आ जाए—और शेष 60 मतदाता सरकार की नीतियों से नाराज़ होकर बदलाव चाहते हैं, तो सीधा मुकाबला होने पर परिणाम विपक्ष के पक्ष में जा सकता है। हालाँकि, विपक्षी खेमे के रणनीतिकारों और आलोचकों का आरोप है कि चुनावी मौसम आते ही कई छोटे दल और नए गठजोड़—जिन्हें वे अक्सर सत्ताधारी दल की 'बी-टीम' या 'वोट कटवा' की संज्ञा देते हैं—मैदान में उतरते हैं। आलोचकों के अनुसार, ये दल धार्मिक या जातीय प्रतिनिधित्व के भावनात्मक मुद्दों को उठाकर उन 60 नाराज़ मतदाताओं में से एक बड़ा हिस्सा (मान लीजिए 30 मत) अपनी ओर खींच लेते हैं। परिणामस्वरूप, मुख्य विपक्ष के पास केवल 30 मत रह जाते हैं और 40 मत पाने वाला सत्ताधारी दल आसानी से विजयी हो जाता है। विपक्ष का तर्क है कि ऐसे दलों का उद्देश्य स्वयं जीतना नहीं, बल्कि सत्ता विरोधी वोटों में सेंध लगाकर मुख्य विपक्ष को कमजोर करना होता है। दूसरी ओर, स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने वाले दलों और नए गठबंधनों (जैसे एआईएमआईएम, आज़ाद समाज पार्टी या अन्य क्षेत्रीय दल) के नेताओं और समर्थकों का दृष्टिकोण इससे बिल्कुल भिन्न है। उनका कहना है कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का समान अधिकार देता है। इन दलों का तर्क है कि दशकों तक मुख्यधारा के बड़े दलों ने वंचित और अल्पसंख्यक समाज का केवल वोट लिया, लेकिन सत्ता और नीति-निर्माण में उन्हें उचित भागीदारी नहीं दी। इसलिए, वे किसी की 'बी-टीम' बनकर नहीं, बल्कि अपने समाज का स्वतंत्र नेतृत्व खड़ा करने और अपने हक और हुकूक की आवाज बुलंद करने के लिए चुनावी मैदान में उतरते हैं। हालाँकि, नए गठबंधन द्वारा सामाजिक न्याय और स्वतंत्र नेतृत्व के ये दावे अक्सर चुनाव तक ही सीमित रहते हैं; चुनाव के बाद इनमें से कई दल और नेता धरातल पर अपने समाज के लिए ठोस काम करने के बजाय केवल बयानबाज़ी करते हैं और अंततः सत्ता की गोद में बैठकर सिर्फ़ राजनीतिक लाभ उठाने तथा सत्ता की मलाई का आनंद लेने का काम करते हैं। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में भावनात्मक नारों और ज़मीनी मुद्दों के बीच संतुलन बनाना मतदाता के विवेक पर निर्भर करता है। एक ओर जहाँ संवैधानिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता, आपसी भाईचारे और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर मतदान करने की अपील की जा रही है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय और सामुदायिक आकांक्षाओं की राजनीति भी जोर पकड़ रही है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के एक वर्ग का मानना है कि अतीत के चुनावी नतीजे इस बात का संकेत देते हैं कि जब-जब सत्ता विरोधी मतों में बिखराव होता है, उसका सीधा लाभ सत्ताधारी दल को मिलता है। ऐसे में 2027 के इस निर्णायक मोड़ पर उत्तर प्रदेश के मतदाताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वे सभी दावों और प्रतिदावों को परखते हुए इस चुनावी गणित को समझें और अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग करें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें